होमगार्ड स्थापना दिवस के मौके पर उत्तराखंड में जवानों ने रैतिक परेड का आयोजन किया। कमांडेंट जनरल केवल खुराना के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान नागरिक सुरक्षा संगठन की झांकी भी शामिल रही। वहीं, होमगार्ड जवानों ने कई तरह के करतब भी दिखाए।
बता दें कि होमगार्ड मुख्यालय नानुरखेड़ा में हर वर्ष छह दिसंबर को परेड का आयोजन किया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कानून व्यवस्था में अपना योगदान देते हैं। इसके अलावा होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा संगठन हर छोटी बड़ी आपदा या समस्या होने पर नागरिकों की मदद करते हैं। सरकार भी संगठन के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न श्रेणियों में पदक विजेता अधिकारियों और होमगार्ड को भी सम्मानित किया। सीएम धामी ने इस मौके पर कई घोषणाएं भी की।
महिला प्लाटून की भर्ती करने की अहम घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के 10 जनपद ऊधमसिंहनगर, पिथौरागढ़, चम्पावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, उत्तरकाशी और टिहरी में महिला होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की एक-एक महिला प्लाटून (कुल संख्या-330 पद) की भर्ती करने की अहम घोषणा की है।
यह घोषणाएं भी कीं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रैतिक परेड का निरीक्षण किया एवं होमगार्डस एवं नागरिक सुरक्षा की स्मारिका का विमोचन किया। होमगार्ड जवानों के मानसिक स्वास्थ्य एवं अन्य समस्याओं के लिए बनाये गये एप ‘पहल’ का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री ने सेवा पृथक होमगार्ड कुन्ती देवी को होमगार्ड कल्याण कोष से एक लाख रूपये का चेक एवं ड्यूटी के दौरान मृत होमगार्ड जवान तिलक राज मौर्य की पत्नी प्रीति को होमगार्ड कल्याण कोष से 02 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
होमगार्ड के मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखेगा मोबाइल एप
होमगार्ड के मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए पहल नाम का एक मोबाइल एप बनाया गया है। रैतिक परेड के बाद मुख्यमंत्री ने इस एप का उद्घाटन किया। इस एप के माध्यम से होमगार्ड मनोवैज्ञानिकों से परामर्श ले सकेंगे। इस एप पर मानसिक शांति के लिए व्यक्तिगत काउंसिलिंग और आत्म सहायता के लिए वीडियो भी देखी जा सकती हैं। देश में इस तरह का यह पहला एप है।
कमांडेंट जनरल होमगार्ड केवल खुराना ने कहा कि होमगार्डों का जीवन शारीरिक और मानसिक चुनौतियों से भरा हुआ है। इसलिए उनके मन और मस्तिष्क का स्वास्थ्य उनके शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही अमूल्य है। उनके मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए स्कूल ऑफ लाइफ संस्था के सहयोग से पहल एप को शुरू किया गया है। इसमें होमगार्ड अपने मोबाइल नंबर और रेजिमेंटल नंबर से लॉग इन करेंगे।
इन दो तरीकों से होगा इस्तेमाल
– मानसिक स्वास्थ्य के लिए सीधे मनोवैज्ञानिक से वार्तालाप करने को अपाइंटमेंट बुक किया जा सकेगा। इसमें वह अपने पूर्व के बुक किये गए अपाइंटमेंट भी देख सकेंगे। मनोवैज्ञानिक काउंसलर से वार्तालाप गोपनीय रखी जाएंगी। इसमें सेव की गई वीडियो को दोबारा भी देखा जा सकता है।
– होमगार्ड अपनी ड्यूटी आदि के प्रति अपनी समस्याएं, शिकायत आदि को जनपद स्तर, मंडल स्तर और मुख्यालय स्तर पर भेज सकेंगे। समस्याओं के जल्द निस्तारण के बाद उन्हें सूचित भी किया जा सकेगा।
More Stories
उत्तराखंड: अप्रैल और मई महीने में गर्मी सताएगी, मैदान से लेकर पहाड़ तक चढ़ेगा पारा
मौसम अपडेट : उत्तराखंड में मौसम 17 मार्च तक रहेगा खराब
रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत