विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में जश्न की तैयारियां हैं। समाचार एजेंसी आइएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी आज शाम बीजेपी के राष्ट्रीय मुख्यालय का दौरा कर सकते हैं। पीएम मोदी के शाम 6.30 बजे तक पार्टी कार्यालय जाने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के लिए भाजपा कार्यालय स्थित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पार्टी कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई शीर्ष नेता पार्टी मुख्यालय में मौजूद रहेंगे। ताजा रूझानों के मुताबिक भाजपा चार राज्यों उत्तर प्रदेश उत्तराखंड , मणिपुर और गोवा में बढ़त बनाए हुए है। इन चार राज्यों में पहले भी भाजपा की अगुवाई वाली सरकारें थीं।
उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटें हैं। यूपी को साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों का लिटमस टेस्ट भी माना जा रहा था। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने यूपी में जमकर चुनाव प्रचार किया था। भाजपा का कहना है कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर भरोसा जताया है।
गोवा में भाजपा लगातार तीसरी बार जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं उत्तराखंड की तस्वीर भी भाजपा के पक्ष में बनती नजर आ रही है। मणिपुर में भी भाजपा ने बढ़त बनाए रखी है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा के इन प्रदर्शनों पर कहा कि मैं सभी राज्यों की जनता का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने अपने आर्शीवाद हमें एक बार फिर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का काम लोगों को पसंद आया है। यही कारण है कि लोगों ने विकास और गरीब कल्याण की सोच पर मुहर लगाया है।
More Stories
उत्तराखंड: अप्रैल और मई महीने में गर्मी सताएगी, मैदान से लेकर पहाड़ तक चढ़ेगा पारा
मौसम अपडेट : उत्तराखंड में मौसम 17 मार्च तक रहेगा खराब
रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत