Himalaya sandesh

No.1 News Portal of Uttarakhand

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू।


उत्तराखंड विधानसभा की 70 सीटों के चुनाव के लिए सोमवार को सुबह आठ बजे मतदान शुरू हो गया, जहां प्रदेश के 82 लाख से ज्यादा मतदाता 632 प्रत्याशियों की किस्मत को ईवीएम में कैद कर देंगे । शाम छह बजे तक मतदान केंद्र तक पहुंचने वालों को मतदान का मौका दिया जाएगा। डाक मतपत्र मतगणना के दिन, यानी 10 मार्च सुबह आठ बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। राज्य की सभी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को सुरक्षा के दृष्टिगत सील कर दिया है।

उत्तराखंड की पांचवी विधानसभा के लिए राज्य के 82.66 लाख मतदाता सभी 70 सीटों के लिए मैदान में उतरे 632 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें प्रमुख रूप से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल व आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए गए कर्नल अजय कोठियाल समेत अन्य नेता शामिल हैं। भाजपा, कांग्रेस और आप के 70-70 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा के 60, सपा के 56 और उक्रांद के 46 प्रत्याशियों के अलावा 260 अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं। मतदान के लिए निर्वाचन आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने कहा कि सभी मतदाता मतदान के लिए अपना फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र लाएं।

यदि किसी के पास फोटो युक्त पहचान पत्र नहीं है तो 12 अन्य दस्तावेजों को फोटो पहचान पत्र के विकल्प के रूप में प्रयोग कर मतदान कर सकते हैं। मतदान के लिए लिए प्रदेश को 276 जोन और 1447 सेक्टर में बांटा गया है।

प्रदेश में कुल 8,624 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा 11,697 मतदेय स्थल हैं। प्रदेश में सभी सुविधा युक्त आदर्श बूथ की संख्या 150 है जबकि पूरी तरह महिलाओं की तैनाती वाले सखी बूथों की संख्या 100 है ।

सबसे अधिक 1,248 मतदाताओं वाला मतदेय स्थल हरिद्वार जिले के खानपुर विधानसभा सीट का नगला इमरती एवं उधम सिंह नगर जिले की जसपुर विधानसभा सीट का गढ़ी नेगी बूथ हैं, जबकि सबसे कम मतदाताओं की संख्या वाला मतदेय स्थल कोटद्वार विधानसभा सीट का ढिकाला बूथ है, जहां केवल 14 मतदाता हैं ।

प्रदेश में 156 माडल मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां हर तरह की सुविधा होगी। 101 सखी मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जिनमें मतदान अधिकारी हो या सहायक मतदान अधिकारी, सभी महिलाएं होंगी। छह दिव्यांग मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां के सभी कार्मिक दिव्यांग होंगे। दिव्यांगों की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों में व्हील चेयर की भी व्यवस्था की गई है। प्रदेश में 5905 मतदेय स्थल पर वेबकास्टिंग की जाएगी। 310 बूथों पर संचार व्यवस्था न होने के कारण सेटेलाइट फोन और पुलिस व वन विभाग के वायरलेस सिस्टम के जरिये संपर्क साधा जाएगा।

  • कुल मतदाता – 8266644
  • पुरुष मतदाता – 4330759
  • महिला मतदाता – 3935597
  • अन्य मतदाता – 288
  • कुल प्रत्याशी – 632
  • महिला प्रत्याशी – 63
  • मतदान में लगे कार्मिक – 79315
  • सुरक्षा कर्मी – 36095
  • पीएसी – 23 कंपनी
  • सीएपीएफ – 114 कंपनी
  • कुल ईवीएम – 16148
  • माडल बूथ – 156
  • सखी बूथ – 101
  • दिव्यांग बूथ – 06
  • क्रिटिकल केंद्र – 776
  • वलनरेबल केंद्र – 1050
  • विशेष निगरानी बूथ – 173
  • वेबकास्टिंग – 5905

About The Author


Contact Details

Editor in Chief:-Satish Chand
Publish from:-kaulagarh road Garhi cantt Dehradun Uttarakhand
Phone:-+91 7830601534
Email:-
[email protected]

Website:- www.himalayasandesh.com