Himalaya sandesh

No.1 News Portal of Uttarakhand

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सीएम धामी ने वीर सपूतों को दी श्रद्धांजलि


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के अदम्य साहस व शौर्य को नमन किया। उन्होंने गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक स्थल पर कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने पराक्रम की नई परिभाषा लिखी। अपने अदम्य साहस के दम पर वह कर दिखाया जो कोई सेना नहीं कर पाई। यह दिखाया कि कोई दुश्मन हमारी तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता। इस दौरान उन्होंने हरबर्टपुर और डीडीहाट में सैनिक कल्याण कार्यालय खोलने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने सैनिक कल्याण विभाग और जिला प्रशासन को शहीद स्मारकों की देखरेख करने के निर्देश दिए।

यह आयोजन इसलिए भी जरूरी है कि भावी पीढ़ी इस शौर्य गाथा से परिचित हों। इसे अपने मानस पटल, अपनी स्मृति में रखें। आने वाली कई पीढ़ियां इससे प्रेरणा लेती रहेंगी। उत्तराखंड के वीर हमेशा बलिदान देने में आगे रहे हैं। उनके साहस के असंख्य किस्से सैन्य इतिहास में दर्ज हैं। उनकी स्मृति को हम कभी मिटने नहीं देंगे।

कहा कि मेरा बचपन सैन्य अनुशासन और संस्कारों के बीच बीता है। अगर कार्यक्रम में और विलंब होता तो मुझे ग्लानि होती। मुझे सैनिकों को देख ही देश के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिलती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेना सक्षम और सशक्त हुई है। उसकी यश कीर्ति विश्वभर में फैली है। आज सेना गोली का जवाब गोले से देती है। आज हमारी सेना दुश्मन को उसके घर में घुसकर धूल चटा रही है। कहा कि राज्य सरकार सैनिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

चीड़बाग स्थित शौर्य स्थल पर राज्यपाल ले जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि भारत की सेना ने अपने शौर्य और पराक्रम से हमेशा देश का गौरव बढ़ाया है, जिस पर हम सभी को गर्व है। इन वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान के कारण ही राष्ट्र की सीमाएं सुरक्षित हैं।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल संजीव खत्री सहित कई सेवारत व सेवानिवृत सैन्य अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।

About The Author


Contact Details

Editor in Chief:-Satish Chand
Publish from:-kaulagarh road Garhi cantt Dehradun Uttarakhand
Phone:-+91 7830601534
Email:-
[email protected]

Website:- www.himalayasandesh.com