Himalaya sandesh

No.1 News Portal of Uttarakhand

उत्तराखंड : प्रसिद्ध अभिनेत्री गीता उनियाल का गंभीर बीमारी के बाद निधन,कैंसर से थी पीड़ित


उत्तराखंड फिल्म एवं संगीत जगत से दुखद खबर सामने आई है। प्रसिद्ध अभिनेत्री गीता उनियाल का गंभीर बीमारी के बाद निधन हो गया है। पर्वतीय नाट्य मंच के अध्यक्ष अभिनेता बलदेव राणा ने अपने सोशल मीडिया के माध्यम से ये जानकारी दी है। यह खबर सुनकर उत्तराखंड फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थी। मंगलवार को उन्होंने आखिरी सांस ली।

गीता उनियाल के निधन से फिल्म जगत के साथ ही सामाजिक व संस्कृति प्रेमियों ने शोक जताया है। अंतिम दर्शन के लिए उनके मोथोरोवाला आवास पर काफी भीड़ जुटी है। हरिद्वार में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

हाल ही में रिलीज हुई जय मां धारी देवी में भी उन्होंने शानदार अभिनय किया है। जिसको देखकर ये कह पाना मुश्किल था कि वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। वीर भड़ माधो सिंह भंडारी नृत्य नाटिका में मुख्य नायिका उधिना की बेहतर भूमिका निभाने वाली गीता का उत्तराखंड फिल्म इंडस्ट्री में 20 साल का सफर रहा

उत्तराखंड की संस्कृति को दी नई पहचान

गीता उनियाल वो नाम है जिसने उत्तराखंड की संस्कृति को प्रदर्शित किया है। देश-विदेश के मंचों पर गीता उनियाल ने उत्तराखंड की संस्कृति को नई पहचान दी है । गीता ने कई एल्बम में काम किया। पहाड़ी गानों में अक्सर वो नजर आई हैं।

सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गीता उनियाल के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि विभिन्न उत्तराखण्डी गीतों में अभिनय करने वाली उत्तराखण्ड फिल्म जगत से जुड़ी प्रसिद्ध अभिनेत्री गीता उनियाल जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों, प्रशंसकों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

About The Author


Contact Details

Editor in Chief:-Satish Chand
Publish from:-kaulagarh road Garhi cantt Dehradun Uttarakhand
Phone:-+91 7830601534
Email:-
[email protected]

Website:- www.himalayasandesh.com