उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर राजधानी हाई अलर्ट पर थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था। इसी बीच बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने वीआईपी राजपुर रोड पर पुलिस मुख्यालय और सचिवालय के पास रिलायंस ज्वैलरी शोरूम में दिनदहाड़े डकैती को अंजाम दे डाला। चार बदमाश शोरूम के अंदर घुसे और एक बाहर खड़ा हो गया। बदमाशों ने शोरूम में गार्ड समेत 11 कर्मचारियों को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाया और करीब 20 करोड़ से भी ज्यादा के सोने चांदी के जेवरात लूट लिए।
ग्राहक बताकर गन प्वाइंट पर लूट
मिली जानकारी के मुताबिक शोरूम के खुलने के बाद शोरूम के कर्मचारी लॉकर से ज्वेलरी निकाल कर डिस्पले में लगा ही रहे थे। इसी बीच चार युवक शोरूम में पहुंचे। उन्होंने खुद को ग्राहक जताया। उनका एक साथी नीचे ही खड़ा रहा।
शोरूम में पहुंचे युवकों ने चेहरा छिपा रखा था। उन्होंने ज्वेलरी के बारे में पूछा। कर्मचारी उन्हे बता ही रहे थे कि इसी बीच उन्होंने गन प्वाइंट पर लूट शुरु कर दी।
बदमाशों ने जल्द ही माल समेटा और शोरूम से बाहर निकल आए और फरार हो गए। लूटी गई ज्वेलरी की कीमत का सही पता अभी नहीं चल पाया है। लेकिन अनुमान के मुताबिक 20 करोड़ रुपए के आसपास की कीमत हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो ये देहरादून में हुई अब तक सबसे बड़ी डकैती होगी।
इसी बीच एक बदमाश ने हाथ बंधे सभी कर्मचारियों को शोरूम की रसोई में बंद कर दिया। और एक बदमाश बाहर खड़ा शोरूम के आसपास की हरकतों पर नजर रख रहा था। अंदर के बदमाश इत्मिनान से वहां लूटपाट में लगे थे। तकरीबन 25 मिनट बाद बदमाशों ने वहां लूटपाट की और सारे सोने-चांदी व हीरे के जेवरात बैग में भरकर वहां से भाग निकले। इसके बाद महिला कर्मचारियों ने गार्ड और अन्य कर्मचारियों को रसोई से बाहर निकाला और अपने मैनेजर व पुलिस को सूचना दी।
लगभग 11.20 बजे वहां पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने शोरूम से फिंगर प्रिंट्स आदि जुटाए और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश में चार टीमों को गठन किया गया है। सभी सीसीटीवी कैमरा और अन्य माध्यमों से बदमाशों की धरपकड़ में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना को चुनौती के रूप में स्वीकार किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
More Stories
उत्तराखंड: अप्रैल और मई महीने में गर्मी सताएगी, मैदान से लेकर पहाड़ तक चढ़ेगा पारा
मौसम अपडेट : उत्तराखंड में मौसम 17 मार्च तक रहेगा खराब
रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत