Himalaya sandesh

No.1 News Portal of Uttarakhand

चारधाम यात्रा के दौरान मार्ग की सही जानकारी देने के लिए गूगल एप और मैपल एप की ली जाएगी मदद।


चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्री गूगल मैप और मैपल एप के माध्यम से यात्रा मार्ग की जानकारी ले सकते हैं। इससे उन्हें यात्रा मार्ग पर मुसीबत का सामना नहीं करना पड़ेगा और यात्रा सुगम होगी।

चारधाम यात्रा के दौरान कई बार दुर्घटना होने, मलबा आने और जाम लगने की स्थिति में मार्ग बाधित हो जाता है। ऐसे में पुलिस रूट डायवर्ट कर देती है, लेकिन इसकी जानकारी तत्काल यात्रियों को नहीं मिल पाती है।

अभी तक ऐसी कोई व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में यातायात पुलिस यात्रा के दौरान मार्ग की सही जानकारी देने के लिए गूगल एप और मैपल एप की मदद लेने जा रही है।

आगामी दिनों में प्रस्तावित चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए उत्तराखंड सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की समस्या ना हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बद्रीनाथ केदारनाथ गंगोत्री एवं जमनोत्री के यात्रा मार्गों की जानकारी तीर्थ यात्रियों तक गूगल मैप के जरिए पहुंचाई जाएगी।

चारधाम यात्रा के दौरान अगर रूट डायवर्ट होगा तो तत्काल इसकी जानकारी गूगल मैप पर मिल जाएगी। गूगल मैप पर देखकर यात्री दूसरे मार्ग से जा सकेंगे। इसके लिए शुक्रवार को यातायात निदेशक मुख्तार मोहसिन ने गूगल मैप के अधिकारियों के साथ बैठक की। तय किया गया कि किस तरह पल-पल की जानकारी गूगल मैप पर साझा की जाएगी।

यातायात निदेशक ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग को मलबा आने, हादसा होने या मौसम खराब होने की दशा में डायवर्ट किया जाता है। कई बार इसकी जानकारी यात्रियों को देरी से मिलती है। ऐसे में यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में गूगल मैप के अधिकारियों के साथ मिलकर एक कार्ययोजना तैयार की गई है। निदेशक ने बताया कि किसी भी बाधा की जानकारी सबसे पहले पुलिस को मिलती है। इसके लिए यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों को व्हॉट्सएप ग्रुप से जोड़ा जाएगा।

ये कर्मचारी किसी भी बाधा के वक्त इसकी जानकारी यातायात निदेशालय को देंगे। यह जानकारी तत्काल गूगल मैप की टीम को भेजी जाएगी। लोकेशन के साथ इस जगह को अपलोड किया जाएगा। इसके बाद गूगल मैप पर वैकल्पिक मार्ग की जानकारी भी अपलोड की जाएगी ताकि लोग रास्ते को बदल सकें। गूगल मैप की टीम ने शुक्रवार को यातायात निदेशालय में एक डेमो भी दिया। यातायात निदेशक ने बताया कि डेमो में सब कुछ ठीक रहा है। जल्द ही इसका प्रयोग किया जाएगा।

About The Author


Contact Details

Editor in Chief:-Satish Chand
Publish from:-kaulagarh road Garhi cantt Dehradun Uttarakhand
Phone:-+91 7830601534
Email:-
[email protected]

Website:- www.himalayasandesh.com