उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के बाद शनिवार को चौथे दिन भी वर्षा-बर्फबारी का क्रम जारी रहा। चोटियों पर हल्के से मध्यम हिमपात हुआ। जबकि, निचले इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। सर्द हवाओं से समूचे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई।
धनोल्टी व आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात
देहरादून में शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक बारिश का दौर जारी रहा। वहीं धनोल्टी व आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात भी हुआ। इससे सैलानियों के चेहरे खिल गए। इसके बाद आज शनिवार को धनौल्टी में पर्यटकों का जमावड़ा लगने की संभावना है।
चमोली जोशीमठ में लगातार तीसरे दिन भी मौसम खराब रहा। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब के साथ ही गौरसों, औली, रुद्रनाथ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। वहीं बारिश से तापमान में भारी गिरावट आ गई है। जोशीमठ में तापमान अधिकतम 3 डिग्री और न्यूनतम माइनस एक डिग्री पहुंच गया है। जबकि औली में तापमान अधिकतम एक डिग्री और न्यूनतम माइनस चार डिग्री है।
रूपकुंड व वेदनी बुग्याल में भी गिरी बर्फ
पर्यटन स्थल रूपकुंड व वेदनी बुग्याल सहित क्षेत्र के बुग्यालों व हिमालयी क्षेत्र के गांव में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बर्फ पड़ने से ऊंचाई क्षेत्र के गांवों में ठंड बढ़ गई है। पर्यटन स्थल रूपकुंड, वेदनी, आली, बगजी, बगुवावासा, भीकलताल व ब्रह्मताल में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है।
वाण गांव के हीरा पहाड़ी ने बताया कि वाण गांव में हुई बर्फबारी का पर्यटकों ने आनंद लिया। बर्फबारी से हिमालयी क्षेत्र के गांवों में शीतलहर चल रही है। वहीं थराली क्षेत्र के ब्रह्मताल, सुपताल, कोलपुड़ी और लेटाल के ऊपरी क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह हिमपात हुआ लेकिन बारिश न होने से किसानों को निराशा ही हाथ लगी। किसानों की फसलें सूखने के कगार पर हैं। राजेंद्र सिंह, तुलाराम, देवकी देवी, प्रेमबल्लभ ने कहा कि जल्द बारिश नहीं हुई तो पूरी फसल सूख जाएगी।

नैनीताल में लंबे इंतजार के बाद हुआ हिमपात
लंबे इंतजार के बाद सरोवर नगरी की ऊंची चोटियों पर शुक्रवार को मौसम का पहला हिमपात हुआ। नगर क्षेत्र में हिमकणों के साथ ही ओले भी पड़े। मौसम के करवट लेते ही नगर में ठंड बढ़ गई। शुक्रवार सुबह चायना पीक, टांकी बैंड व किलबरी रोड पर हिमपात शुरू हुआ। इससे सैलानियों के चेहरे खिल उठे।
ऊंचाई वाले इन क्षेत्रों में देखते ही देखते बर्फ की चादर बिछ गई। इस बीच नगर के निचले क्षेत्र में ओले गिरने लगे। बीच-बीच में वर्षा भी होती रही। मौसम के बदले मिजाज से लगा कि अब अच्छा हिमपात होगा। लेकिन कुछ समय बाद ही हिमपात थम गया। इस बीच नयना पीक पर करीब आधा इंच तक बर्फ पड़ी।
More Stories
उत्तराखंड: अप्रैल और मई महीने में गर्मी सताएगी, मैदान से लेकर पहाड़ तक चढ़ेगा पारा
मौसम अपडेट : उत्तराखंड में मौसम 17 मार्च तक रहेगा खराब
रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत