मेरठ से ऋषिकेश घूमने आए दो पर्यटक नीर गांव के पास जंगल में भटक गए। पर्यटकों के एक मित्र की सूचना पर मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ करीब रात में छह घंटे तक सर्च अभियान चलाया। रविवार सुबह पुलिस टीम ने दो पर्यटकों खोज लिया। दोनों पर्यटकों का सकुशल होटल तक पहुंचा दिया गया है।
बताया गया कि शनिवार की रात करीब 9:00 बजे विशांत सोम पुत्र रजनीश सोम निवासी सी-98/17 शास्त्रीनगर मेरठ ने शिवपुरी चौकी पर आकर सूचना दी कि उसके दोस्त सुदर्शन यादव और पर्व शिवपुरी घूमने आए थे। ये दोनों शनिवार की सुबह लगभग 4:30 या 5:00 बजे के आसपास घूमने के लिए निकले और वह स्वयं शिवपुरी में ही रुक गया था। सुबह लगभग 9:30 बजे दोस्तों ने बताया गया कि हम रास्ता भटक गए हैं। उन्हें ढूंढने के काफी प्रयास किए गए, लेकिन दोनों नहीं मिले। शाम पांच बजे इन दोनों ने अपनी फोटो भेजी जो सड़क के आसपास की थी। रात करीब 8:00 बजे उनकी आखिरी काल आयी थी, इसके बाद उनका फोन स्विच आफ हो गया था।
इसकी सूचना विशान्त सोम ने 100 नंबर पर रात आठ बजे पौड़ी कंट्रोल रूम को भी सूचना दी। लेकिन इन दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है। मुनिकीरेती के थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मेरठ निवासी दोनों युवक की तलाश के लिए लगाया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इन युवकों के मोबाइल की लोकेशन ली गयी तो दोनों की रात 21:17 बजे की लोकेशन नीर गांव के घने जंगल में मिली। देर रात सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चल पाया। रविवार की सुबह फिर से लोकेशन वाले क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया गया तो सुदर्शन यादव ब्रह्मपुरी के पास घने जंगलों में मिला। उसने बताया गया कि पर्व पहाड़ की चोटी के आसपास है। जिसके पैरों में रातभर जंगल में पैदल चलने से सूजन आ गयी है और वह चल नहीं पा रहा है। उक्त स्थान का रास्ता अति दुर्गम होने के कारण एसडीआरएफ को सर्च अभियान व रेस्क्यू हेतु सूचित किया गया। ब्यासी कैम्प से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घने जंगल में फंसे पर्व का सर्च अभियान चलाया गया।
रविवार सुबह टीम को सुदर्शन यादव (23) पुत्र राजकुमार यादव निवासी देवीनगर, मेरठ उत्तर प्रदेश ब्रह्मपुरी के पास जंगल के काफी अंदर मिल गया। उसने बताया कि रात भर पैदल चलने से पर्व गर्ग के पैर में सूजन आ गई थी। वह आगे जाने में असमर्थ था। वह पहाड़ की चोटी के आसपास है। उसने बताया कि वह मदद के लिए आगे चला आया था।
लगभग छह घंटे तक घने जंगल, चट्टानों व गधेरों के अति दुर्गम रास्ते तक तलाश करने के बाद पर्व को दोपहर के वक्त सुरक्षित निकाला गया। पुलिस के अनुसार जंगल में मिले सुदर्शन यादव (23 वर्ष) पुत्र राजकुमार यादव निवासी देवीनगर मेरठ और पर्व गर्ग (23 वर्ष) पुत्र अजय गर्ग निवासी गांधीनगर, मेरठ अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
More Stories
उत्तराखंड: अप्रैल और मई महीने में गर्मी सताएगी, मैदान से लेकर पहाड़ तक चढ़ेगा पारा
मौसम अपडेट : उत्तराखंड में मौसम 17 मार्च तक रहेगा खराब
रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत