Himalaya sandesh

No.1 News Portal of Uttarakhand


उत्तराखंड में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादलों के बीच कंपकंपी बढ़ गई है। मैदानी इलाकों में घना कोहरा दुश्वारियां बढ़ा रहा है, जबकि पहाड़ में सर्द हवाएं चलने से घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। कहीं-कहीं आंशिक बाद छाए रह सकते हैं। चोटियों पर हिमपात के आसार बन रहे हैं। लंबे समय से वर्षा और बर्फबारी का इंतजार कर रहे उत्तराखंड में मौसम करवट बदलने लगा है। अगले कुछ दिनों में चोटियों पर हिमपात और बूंदाबांदी के आसार हैं।

मंगलवार को दून समेत आसापास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहे, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। रुड़की और ऊधमसिंह नगर के कई हिस्सों में तड़के घना कोहरा छाने से दृश्यता बेहद कम रही। इससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने लगा है। इससे वर्षा-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। कहीं-कहीं आंशिक से लेकर मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। इससे तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

दिसंबर मध्य के बाद हरिद्वार का पारा लुढकने लगा है। मंगलवार सुबह धर्मनगरी कोहरे की सफेद चादर में लिपटी रही। ठंड और ठिठुरन भी मुश्किलें बढ़ाती रही।

इधर, कड़ाके की ठंड के बावजूद सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव न जलने से बेघर और गरीबों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। हालांकि नगर निगम प्रशासन की ओर से रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशन, हरकी पैड़ी समेत आठ स्थानों पर अलाव जलाने का दावा किया जा रहा है।

धर्मनगरी और आसपास क्षेत्रों के मौसम का मिजाज बदलने लगा है। कड़ाके की ठंड मुश्किलें बढ़ाने लगी है। हालांकि दिन के वक्त धूप निकलने से खासी राहत थी, लेकिन मंगलवार सुबह धर्मनगरी कोहरे की सफेद चादर में लिपटी रही। हाईवे और संपर्क मार्गों पर फाग लाइट के सहारे वाहन रेंगते रहे। ठंड के चलते स्कूली बच्चों को भी दिक्कतें उठानी पड़ी।

दिन में धूप निकलने के बावजूद सर्दी सताती रही। शाम के वक्त ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। लोग घरों में दुबके रहे। जगह-जगह अलाव सेकते ही लोग देखे गए। घरों में हीटर, ब्लोअर भी चलने शुरू हो गए हैं। बहादराबाद स्थित सौर बेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26.8 और 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

About The Author


Contact Details

Editor in Chief:-Satish Chand
Publish from:-kaulagarh road Garhi cantt Dehradun Uttarakhand
Phone:-+91 7830601534
Email:-
[email protected]

Website:- www.himalayasandesh.com