Himalaya sandesh

No.1 News Portal of Uttarakhand

सीएम धामी का राज्य कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों को दिवाली बोनस का तोहफा दिया है। वित्त विभाग की फाइल को सीएम ने गुरुवार को मंजूर किया। अब कर्मचारियों की नजर महंगाई भत्ते पर है।

कुछ दिन पहले हुई कैबिनेट की बैठक में राज्य कर्मचारियों के दिवाली बोनस और चार प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) के दो अलग-अलग प्रस्तावों पर सहमति बनी थी। इसका निर्णय मुख्यमंत्री पर छोड़ा गया था। अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) राधा रतूड़ी ने कहा था कि बोनस और डीए का फैसला दिवाली से पहले हो जाएगा।

राज्य में करीब डेढ़ लाख सरकारी और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को दीवाली बोनस का लाभ मिलता है। विदित है कि कर्मचारियों के दीवाली बोनस का प्रस्ताव कुछ दिन पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में रखा गया था। जिसमें दीवाली बोनस के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री धामी को अधिकृत कर दिया था।

इसके बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री धामी ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। वित्त विभाग के सूत्रों ने बताया कि कर्मचारियों के दीवाली बोनस के लिए बजट जारी होने के बाद शुक्रवार से कर्मचारियों के खातों में बोनस की राशि पहुंचना शुरू हो जाएगी।

सात हजार रुपये तक मिलेगा बोनस
वित्त विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में दैनिक वेतन भेगी कर्मचारियों के साथ ही 4800 ग्रेड तक के समूह ग और अराजपत्रित श्रेणी के समूह ख के कर्मचारियों को मिलता है। उन्होंने बताया कि सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम सात हजार रुपये तक दीवाली बोनस के रूप में दिया जाता है। इससे नीचे ग्रेड के अनुसार बोनस का निर्धारण किया जाता है। दैनिक वेतन और संविदा कर्मचारियों को सरकार 1200 रुपये दीवाली बोनस के रूप में देती है।

इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
राज्य के सरकारी कर्मचारियों के साथ ही सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थान, प्राविधिक शिक्षण संस्थान, स्थानीय निकायों, जिला पंचायत कर्मचारियों के साथ ही कैजुअल और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को दीवाली बोनस का लाभ मिलेगा। ऐसे कर्मचारियों की संख्या डेढ़ लाख के करीब है।

About The Author


Contact Details

Editor in Chief:-Satish Chand
Publish from:-kaulagarh road Garhi cantt Dehradun Uttarakhand
Phone:-+91 7830601534
Email:-
[email protected]

Website:- www.himalayasandesh.com