प्रदेश में भाजपा की अंदरूनी राजनीति में बड़ी हलचल के संकेत हैं। अंकिता हत्याकांड और विधानसभा में अवैध नियुक्तियां निरस्त करने को लेकर चल रही कार्रवाई के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंगलवार को अचानक दिल्ली पहुंच गए। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडड़़ी ने भी दिल्ली का रुख किया। देर सायं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत भी दिल्ली जाने वालों की कतार में सम्मिलित रहे। इससे प्रदेश की राजनीति का पारा चढ़ गया।
माना जा रहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हो चुके इन दोनों प्रकरणों से असहज केंद्रीय नेतृत्व मुख्यमंत्री समेत इन तमाम नेताओं से फीडबैक लेगा। मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही फेरबदल के रूप में हाईकमान का निर्णायक कदम शीघ्र सामने आ सकता है।
दिल्ली रवाना होने से पूर्व मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उनका पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था और उन्हें केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के सचिव से राज्य में पर्यटन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करनी है। इधर, तीनों नेताओं के दिल्ली रवाना होने के साथ ही सियासी हलके में चर्चाएं गर्म रहीं कि उन्हें केंद्रीय नेतृत्व ने अंकिता हत्याकांड, विधानसभा बैकडोर भर्ती के संबंध में जानकारी के लिए बुलाया है।
इन तीन मुद्दों पर हो रही आम चर्चाएं
1. अंकिता हत्याकांड पर रिपोर्ट ली जा सकती है
अंकिता हत्याकांड पर प्रदेश की राजनीति गर्म है। सियासी हलकों में चर्चा है कि तीनों दिग्गज नेता केंद्रीय नेतृत्व को अंकिता हत्याकांड के संबंध में जानकारी दे सकते हैं। इस मामले में सरकार ने कितनी तेजी के साथ कार्रवाई की और इस पर विपक्ष किस तरह की सियासत कर रहा है, इस पर भी चर्चा की संभावना है।
2. विधानसभा में बैकडोर भर्ती पर कार्रवाई का ब्योरा
दूसरी चर्चा यह भी है कि विधानसभा में बैकडोर भर्ती के संबंध में हुई कार्रवाई के बारे में सीएम और स्पीकर केंद्रीय नेतृत्व को जानकारी दे सकते हैं। इस मामले में कार्रवाई के बाद सियासत तो कुछ नरम पड़ी है, लेकिन नियमों को नजर अंदाज कर बैकडोर भर्ती के लिए तत्कालीन स्पीकर को लेकर सवाल अब भी बरकरार हैं।
3. कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं भी गरमाई
धामी मंत्रिमंडल में तीन पद खाली हैं। पिछले कुछ दिनों से भाजपा के भीतर कैबिनेट विस्तार के बजाय फेरबदल की चर्चाएं ज्यादा हैं। सीएम और प्रदेश अध्यक्ष के नई दिल्ली प्रवास के संबंध में एक संभावना कैबिनेट विस्तार की भी जताई जा रही है।
प्रसादम योजना और मानसखंड कॉरिडोर के संबंध में केंद्रीय पर्यटन मंत्री के सचिव से पहले से समय लिया है। उनसे इन दोनों योजनाओं के बारे में करनी है। केदारनाथ-बदरीनाथ को लेकर चर्चा के भी बिंदू हैं।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री जी के दिल्ली जाने की मुझे जानकारी नहीं। न ही उनसे मेरी इस संबंध में कोई बात हुई। मुझे लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला जी से शिष्टाचार भेंट करनी है। आज रात में आठ बजे का समय मिला है।
– महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा।
अध्यक्ष विधानसभा ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि मेरा परिवार से मिलने दिल्ली जाने का कार्यक्रम पहले से ही तय था। विधानसभा में कामकाज निबटाने के बाद दोपहर में मैं दिल्ली के लिए रवाना हुई। 30 सितंबर को मेरे पिता का जन्म दिवस है और मैं बच्चों को लेने दिल्ली आई हूं।
– ऋतु खंडूड़ी भूषण, अध्यक्ष, विधानसभा
More Stories
उत्तराखंड: अप्रैल और मई महीने में गर्मी सताएगी, मैदान से लेकर पहाड़ तक चढ़ेगा पारा
मौसम अपडेट : उत्तराखंड में मौसम 17 मार्च तक रहेगा खराब
रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत