भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तराखंड भाजपा की नई कार्यकारिणी पर मुहर लगा दी है। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट नई कार्यकारिणी की विधिवत घोषणा करेंगे। माना जा रहा है कि कार्यकारिणी में करीब 80 फीसदी नए चेहरे शामिल होंगे।
भट्ट की नई टीम में क्षेत्रीय जातीय समीकरणों में संतुलन साधने के साथ महिला और युवा चेहरों को प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है। नई कार्यकारिणी को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के साथ प्रदेश अध्यक्ष भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार की दो दौर की चर्चा हुई। नई दिल्ली में हुई दो अलग-अलग बैठकों में कार्यकारिणी में शामिल किए जाने वाले प्रत्येक चेहरे को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने प्रदेश संगठन से जानकारी ली।
टीम के गठन को लेकर चल रही थी कसरत
पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपने के बाद से नई प्रांतीय टीम के गठन को लेकर कसरत चल रही है। इस सिलसिले में केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर प्रदेश अध्यक्ष भट्ट शुक्रवार से दिल्ली में डेरा डाले हुए थे।
शुक्रवार को उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम समेत अन्य नेताओं के साथ बैठक में नई टीम को लेकर मंथन किया। बैठक में प्रदेश भाजपा में विभिन्न पदों के लिए नामों का पैनल तय कर राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेज दिया गया था।
युवा और नए चेहरों को दिया महत्व
सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार के साथ ही प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी के साथ दो दौर की बैठक की।
- सूत्रों के अनुसार एक-एक नाम पर चर्चा करने के बाद पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों के नाम फाइनल कर दिए गए।
- इसमें प्रदेश अध्यक्ष भट्ट की पसंद के साथ ही युवा और नए चेहरों को महत्व दिया गया है।
- सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के दिल्ली से बाहर होने के कारण सोमवार को सूची जारी नहीं की जा सकी।
- मंगलवार को राष्ट्रीय कार्यालय से सूची प्रदेश अध्यक्ष भट्ट को मेल से भेजे जाने की संभावना है।
इन नामों की है चर्चा
चर्चा है कि प्रदेश महामंत्री पद पर खिलेंद्र चौधरी, राजेंद्र बिष्ट, आदित्य कोठारी, उपाध्यक्ष पद पर नीरू देवी, कैलाश शर्मा, आदेश चौहान, मीना गंगोला, बलवंत भौंर्याल के नाम शामिल किए गए हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए दो नाम तय किए गए हैं। इसके अलावा महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर आशा नौटियाल व सुषमा रावत में से किसी एक को जिम्मेदारी दी जा सकती है। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष पर शशांक रावत का नाम तय माना जा रहा है।
More Stories
उत्तराखंड: अप्रैल और मई महीने में गर्मी सताएगी, मैदान से लेकर पहाड़ तक चढ़ेगा पारा
मौसम अपडेट : उत्तराखंड में मौसम 17 मार्च तक रहेगा खराब
रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत