उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के चयन के साथ-साथ नई मंत्रिपरिषद के सदस्यों के चयन का होमवर्क भी अंतिम दौर में है। भाजपा विधायक दल की बैठक होली के बाद 20 मार्च को प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला होने के साथ ही नए मंत्रियों के नामों का भी ऐलान कर दिया जाएगा।
भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने उत्तराखंड की नई सरकार का खाका करीब-करीब तय कर लिया है। इसी दिन नेता सदन के चयन की औपचारिकता पूरी की जाएगी और उसी दिन विधायकों को शपथ दिलाने की भी तैयारी है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि नए मुख्यमंत्री के नाम पर शीर्ष नेतृत्व फैसले के करीब आ चुका है।
पुष्कर सिंह धामी थे भाजपा का चेहरा
विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा का चेहरा थे। 10 मार्च को जब नतीजे आए तो पार्टी ने 70 में से 47 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया, लेकिन धामी अपनी सीट से चुनाव हार गए। इसके बाद से ही यह प्रश्न राजनीतिक गलियारों के साथ ही आमजन के बीच तैर रहा है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में धामी बने हुए हैं। इसके पीछे उन्हें कार्य करने को समय कम मिलने, पार्टी को फिर से सत्ता में लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका समेत अन्य कारण गिनाए जा रहे हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट, राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी को भी दावेदार माना जा रहा है।
पिछले एक सप्ताह के दौरान निवर्तमान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डा धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, बंशीधर भगत व रेखा आर्य, निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी के नाम भी चर्चा में आए हैं। खंडूड़ी और भगत के दिल्ली दौरे को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।
More Stories
उत्तराखंड: अप्रैल और मई महीने में गर्मी सताएगी, मैदान से लेकर पहाड़ तक चढ़ेगा पारा
मौसम अपडेट : उत्तराखंड में मौसम 17 मार्च तक रहेगा खराब
रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा, हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत